Friday, November 13, 2026
Home Korba/कटघोरा कटघोरा-बांकीमोंगरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 18 वर्षीय युवक की मौत; साथी जिंदगी...

कटघोरा-बांकीमोंगरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 18 वर्षीय युवक की मौत; साथी जिंदगी और मौत से जूझ रहा

4

The Duniyadari: कोरबा। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। कटघोरा-बांकीमोंगरा मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की तरफ जा रहे थे। सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर के बाद गाड़ी उछलकर सड़क से लगभग 50 मीटर दूर जा पलटी।

दुर्घटना की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगते ही स्कॉर्पियो के दोनों एयरबैग खुल गए। वाहन के कई हिस्से क्षतिग्रस्त होकर बिखर गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की डायल 112 सेवा को सूचना दी।

सूचना मिलते ही राहत टीम ने दोनों घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद रूपेश पटेल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं आर्यन गोंड की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार जारी है।

मृतक चाकाबुड़ा निवासी दिलीप पटेल का पुत्र था, जबकि घायल युवक बुंदेली गांव का रहने वाला बताया गया है। दोनों की उम्र 18 वर्ष थी। फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।