Monday, June 1, 2026
Home Breaking ऑपरेशन क्लीन हंट: मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन क्लीन हंट: मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

7

The Duniyadari: Raigarh जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कई महीनों से लंबित चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हे और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सितंबर 2025 में घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-15 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल दुकान से कीमती सामान गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दुकान संचालक ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दिया। आरोप था कि वह ग्राहक बनकर दुकान में आता था और मौका मिलते ही सामान चोरी कर ले जाता था।

मामले की जांच के दौरान आरोपी लगातार पुलिस से बचता रहा, लेकिन हाल ही में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे घरघोड़ा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने दुकान से एलसीडी टीवी, मोबाइल फोन, इंडक्शन और पंखों की चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किया गया मोबाइल फोन एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया था। पुलिस ने खरीदार को भी पकड़कर उसके पास से मोबाइल बरामद कर लिया।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।