The Duniyadari: रायगढ़। जिले में गौवंश तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों को मवेशी तस्करों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि ग्राम करवारजोर का एक व्यक्ति मवेशियों को प्रताड़ित करते हुए ओडिशा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रब्बुल खान (39 वर्ष) को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 गौवंश बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.56 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार की। बरामद पशुओं का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराकर उन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया है।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इससे पहले 7 फरवरी को भी लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों से आठ मवेशियों को मुक्त कराया था। लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में अवैध मवेशी परिवहन पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।
































