The Duniyadari: जांजगीर-चांपा- चांपा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित ओवरब्रिज पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके घटनास्थल से फरार हो गया।
मृतक की पहचान विशाल सूर्यवंशी, निवासी कोसमंदा गांव, के रूप में हुई है। वहीं दूसरी बाइक चला रहे रोशन चंद्रा, निवासी ओड़ेकेरा गांव, घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर यातायात भी प्रभावित रहा।















