Sunday, March 8, 2026
Home कोरबा कटघोरा में प्रार्थना सभा को लेकर टकराव, थाने तक पहुंचा विवाद; धर्मांतरण...

कटघोरा में प्रार्थना सभा को लेकर टकराव, थाने तक पहुंचा विवाद; धर्मांतरण के आरोपों की जांच शुरू

28

The Duniyadari : कोरबा-कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार को आयोजित एक प्रार्थना सभा को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुतर्रा गांव में खेत में लगाए गए पंडाल में ईसाई समुदाय की सभा चल रही थी, तभी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और धर्मांतरण के आरोप लगाते हुए विरोध शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला पुलिस थाने तक जा पहुंचा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थना सभा का नेतृत्व पास्टर बजरंग जायसवाल कर रहे थे, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। गांव की सरपंच संतोषी बाई को कार्यक्रम की सूचना मिलने पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया।

बजरंग दल के जिला अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर का कहना है कि सभा में बाहर से आए कुछ लोग भी मौजूद थे और बीमारी व अन्य परेशानियों को ठीक करने के दावे किए जा रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पास्टर पूर्व में भी कटघोरा क्षेत्र में इसी तरह की सभाएं आयोजित कर चुका है।

घटना की सूचना पर कटघोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पुलिस का कहना है कि सरपंच की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।