Wednesday, August 5, 2026
Home Breaking कर्ज उतारने के लिए मंदिरों में चोरी, नाबालिग समेत चार आरोपी पुलिस...

कर्ज उतारने के लिए मंदिरों में चोरी, नाबालिग समेत चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

3

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा– जिले में लगातार हो रही मंदिर चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए नाबालिग सहित चार आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों ने लाखों रुपये के कर्ज से छुटकारा पाने के लिए अलग-अलग मंदिरों को निशाना बनाया था। चोरी के बाद उन्होंने जेवर और अन्य सामान को जमीन में गाड़कर छिपा दिया था।

पुलिस के अनुसार, एक और दो अगस्त की रात चोरों ने बम्हनीडीह स्थित रामजानकी मंदिर, नवागढ़ क्षेत्र के चंडी दाई मंदिर और जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपियों ने मंदिरों से चांदी के छत्र, मुकुट, सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी लेकर फरार हो गए थे।

घटनाओं के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। जांच के दौरान करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक बाइक पर चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन पर भारी कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घुटिया गांव स्थित एक घर के पीछे जमीन खोदकर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। मौके से वारदात में इस्तेमाल बाइक और इलेक्ट्रॉनिक कटर भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि मामले में शामिल नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।