Sunday, August 2, 2026
Home Breaking कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किया केंद्रीय जेल दुर्ग का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं...

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किया केंद्रीय जेल दुर्ग का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

3

The Duniyadari: दुर्ग- जिला कलेक्टर एवं दंडाधिकारी अभिजीत सिंह ने शनिवार को केंद्रीय जेल दुर्ग का अचानक निरीक्षण कर जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल के कई महत्वपूर्ण विभागों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कल्याण शाखा, जेल अस्पताल, उद्योग शाखा, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, एलईडी बल्ब निर्माण इकाई, पाकशाला, महिला प्रकोष्ठ, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष सहित अन्य इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही नवनिर्मित बैरकों और अस्पताल भवन की सुविधाओं का भी जायजा लिया।

वारंट शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विचाराधीन बंदियों के मामलों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पेशियां वर्चुअल माध्यम से कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीड़ित पक्ष को लंबित मुआवजा राशि के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में संचालित गौशाला का भी अवलोकन किया गया। वहीं, उप जेल अधीक्षक (उद्योग) अशोक कन्नौजिया निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जेल प्रशासन के अनुसार निरीक्षण के समय केंद्रीय जेल में 2273 पुरुष बंदी और 134 महिला बंदी निरुद्ध थीं, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सोनाल डेविड, एसडीएम प्रफुल्ल कुमार गुप्ता और जेल अधीक्षक मनीष संभाकर भी मौजूद रहे।