कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर अवैध धान भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई

21

The Duniyadari : रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में धान के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग और मंडी प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न राइस मिलों का औचक निरीक्षण किया, जहां नियमों से अधिक धान का भंडारण सामने आया।

निरीक्षण के दौरान अभनपुर स्थित आदर्श राइस मिल और बालाजी पैडी प्रोसेसिंग सहित कुरा और बरबंदा क्षेत्र की कई मिलों में निर्धारित सीमा से कहीं अधिक धान स्टॉक पाया गया। अलग-अलग मिल परिसरों में जांच के दौरान सैकड़ों क्विंटल धान अतिरिक्त रूप से संग्रहित मिला, जिसे तत्काल कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया।

प्रशासनिक दल ने मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत धान को सील कर सुपुर्दगी की कार्रवाई भी पूरी की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पारदर्शी खरीदी व्यवस्था और किसानों के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।