The Duniyadari: खैरागढ़। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को एक व्यक्ति द्वारा खुद को आग लगाने की कोशिश से हड़कंप मच गया। दिन के समय हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई, हालांकि पुलिस और कर्मचारियों की तत्परता से समय रहते स्थिति संभाल ली गई।
जानकारी के अनुसार कटंगी, गंडई निवासी शीतलाल निर्मलकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा और अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने यह देखा तो तुरंत पुलिस को सतर्क किया। पुलिसकर्मियों ने फौरन हस्तक्षेप कर उसे काबू में लिया।
इस दौरान वह हल्का झुलस गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक व्यक्ति ने गांव में कथित सामाजिक बहिष्कार से परेशान होने की बात कही है। उसका आरोप है कि कुछ लोगों के कारण उसके परिवार को सामाजिक रूप से अलग-थलग किया गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जीवन प्रभावित हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
































