The Duniyadari: जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लैलूंगा थाना क्षेत्र के तारागढ़ गांव में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला घर में लगे कूलर में पानी भर रही थी। इसी दौरान कूलर में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गई।
घटना के बाद महिला की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कूलर से अलग किया। गंभीर हालत में उसे तत्काल सिविल अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने से मौत का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।















