Thursday, August 13, 2026
Home Breaking कृषि विश्वविद्यालय हॉस्टल में हादसा: कमरे की छत का प्लास्टर गिरने से...

कृषि विश्वविद्यालय हॉस्टल में हादसा: कमरे की छत का प्लास्टर गिरने से छात्र घायल, वार्डन पर छात्रों का फूटा गुस्सा

42

The Duniyadari: Raipur– इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के बॉयज़ हॉस्टल में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हॉस्टल के एक कमरे की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से वहां मौजूद एक छात्र घायल हो गया। घटना के बाद साथी छात्रों ने उसे तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि छात्र की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के बाद हॉस्टल के छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद वार्डन मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे छात्रों में आक्रोश फैल गया।

छात्रों का कहना है कि वार्डन उस समय कृषि मंडपम में आयोजित सहकारिता विभाग के एक सरकारी कार्यक्रम में मौजूद थे और सूचना मिलने के बाद भी हॉस्टल नहीं पहुंचे। इसे लेकर छात्रों ने जिम्मेदार अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए हैं।

घटना के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय के कुलपति से मामले की गंभीरता से जांच कर वार्डन की जिम्मेदारी तय करने और हॉस्टल भवनों की सुरक्षा का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।