The Duniyadari: Raipur में सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में आयोजित होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के साथ अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है।
बैठक का सबसे चर्चित विषय अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों से जुड़ा माना जा रहा है। लंबे समय से लागू तबादला प्रतिबंध को हटाने और नई स्थानांतरण नीति को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है तो विभिन्न विभागों में व्यापक स्तर पर तबादलों का रास्ता साफ हो जाएगा।
कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में प्रमुख रहेंगे। आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों, कस्टम मिलिंग व्यवस्था तथा किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कृषि हित से जुड़े कुछ नए प्रस्तावों पर भी कैबिनेट विचार कर सकती है।
राज्य सरकार आज से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सेवा की शुरुआत भी करने जा रही है। इस नई सुविधा के माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। साथ ही वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप के जरिए भी शिकायतें दर्ज करने की व्यवस्था उपलब्ध होगी, जिससे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों और जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों की भी समीक्षा की जा सकती है। कर्मचारियों, उद्योगों और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा संभावित है। ऐसे में यह कैबिनेट बैठक राज्य सरकार की आगामी प्रशासनिक रणनीति और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।













