The Duniyadari: Raipur- प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए छत्तीसगढ़ सरकार मंगलवार को CM हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai मंत्रालय स्थित महानदी भवन में कैबिनेट बैठक के बाद इस नई जनसेवा पहल का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन कॉल सेंटर का निरीक्षण भी करेंगे।
नई व्यवस्था के जरिए आम नागरिक अपनी शिकायतें सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। हेल्पलाइन पर सरकारी सेवाओं में लापरवाही, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी दिक्कतें, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतें, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी तथा वरिष्ठ नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार जैसे मामलों की जानकारी दर्ज कराई जा सकेगी।
सरकार ने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई माध्यम उपलब्ध कराए हैं। नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से शिकायत की प्रगति और निराकरण की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
राज्य सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि तय समयसीमा के भीतर उनका प्रभावी, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी तंत्र से जुड़ी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े।













