The Duniyadari: बालोद- जिले के बालोद कोतवाली थाना से पुलिस अभिरक्षा में रखी गई एक महिला के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला के भागने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया और जिम्मेदारी तय करते हुए एक महिला आरक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चोरी के एक मामले में गिरफ्तार महिला को शुक्रवार शाम पूछताछ के लिए बालोद कोतवाली लाया गया था। उसे रातभर थाना परिसर में पुलिस निगरानी में रखा गया, लेकिन शनिवार सुबह वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वहां से फरार हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया। संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी गई, लेकिन 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक महिला कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार महिला की तलाश लगातार जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई और किन परिस्थितियों में महिला थाना परिसर से निकलने में सफल रही।















