कोरबा को मिला अपना साइबर थाना, ऑनलाइन ठगी के खिलाफ सरकार का बड़ा कदम

13
Screenshot

The Duniyadari : कोरबा, 28 जनवरी 2026। डिजिटल अपराधों पर नियंत्रण और साइबर ठगी के शिकार लोगों को त्वरित राहत देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरबा जिले को साइबर पुलिस थाना की सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से प्रदेश के 8 नए साइबर थानों का वर्चुअल शुभारंभ किया, जिनमें कोरबा भी शामिल है।

राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव (गृह) मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस हाउसिंग बोर्ड के तहत तैयार विभिन्न भवन एवं निर्माण कार्यों का भी वर्चुअल लोकार्पण किया गया।

Screenshot

कोरबा में स्थापित साइबर थाने में साइबर थाना प्रभारी की नियुक्ति के साथ प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में जरूरत के अनुसार स्टाफ और संसाधनों में और वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक फ्रॉड और डिजिटल अपराध आम नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं। ऐसे में साइबर थाना इन मामलों की जांच को तेज करने और पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने साइबर अपराधों से जुड़े अनुभव साझा किए और आम लोगों से अपील की कि वे डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतें, किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहें और समय रहते पुलिस को सूचना दें।

Screenshot

इस अवसर पर नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजुदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की जानकारी तुरंत साइबर थाना या नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक और मानसिक नुकसान से बचा जा सके।