Wednesday, August 12, 2026
Home कोरबा कोरबा : गनियारी गांव में पड़ोसी की बेरहमी से हत्या, डॉग स्क्वायड...

कोरबा : गनियारी गांव में पड़ोसी की बेरहमी से हत्या, डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी गिरफ्तार

105

The Duniyadari : कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में रविवार देर रात हत्या की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। गांव के ही एक व्यक्ति की लाठी-डंडे से पीटकर जान ले ली गई। मृतक की पहचान नंदकुमार पटेल (उम्र करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह पड़ोसी के घर की बाड़ी से लगे आंगन में उनका खून से सना शव मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जांच के लिए डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और कोरबा साइबर सेल को मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वायड के श्वान ‘बाघा’ ने सेंट ट्रैकिंग करते हुए सीधे संदिग्ध के घर तक पहुंचकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के पड़ोसी जयशंकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, नंदकुमार का आरोपी के घर आना-जाना था। रविवार रात आरोपी की पत्नी से कथित अभद्र व्यवहार को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर जयशंकर ने बाड़ी में रखे डंडे से नंदकुमार के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक और आरोपी दोनों विवाहित बताए जा रहे हैं। करतला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।