The Duniyadari: KORBA जिले के सर्वमंगला नगर स्थित बरमपुर बस्ती में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही इलाके में भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी केशव यादव के रूप में हुई है, जो कुसमुंडा क्षेत्र की एक निजी खदान कंपनी में कार्यरत था। सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक के परिजनों को भी सूचित किया जा रहा है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच जारी है।















