The Duniyadari : कोरबा। दीपका थाना पुलिस ने कोयले के अवैध कारोबार में लिप्त एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह से जुड़े कई अन्य सदस्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए मूल्य का कोयला और परिवहन में इस्तेमाल किए गए ट्रेलर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एसईसीएल की गेवरा खदान से अदानी पावर प्लांट के लिए निर्धारित कोयले को जयराम नगर रेलवे साइडिंग तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही दूसरी जगहों पर खपा रहे थे। इस अवैध गतिविधि की सूचना दीपका पुलिस को मुखबिर के जरिए मिली, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
सूचना के आधार पर दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने अपनी टीम के साथ कोयला लोड ट्रेलरों को रोककर जांच की। जांच में दस्तावेजों और परिवहन मार्ग में गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू की गई। पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए कोयला अफरा-तफरी के इस खेल का पर्दाफाश कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने मस्तुरी (बिलासपुर) निवासी लक्ष्मण कुमार, परसदा सकरी निवासी तुषार खांडे, खमरिया (बिलासपुर) निवासी गोपी किशन सोनझरी, कोरबी (हरदीबाजार) निवासी दुर्गेश कुमार साहू और हरदीबाजार निवासी अतीक मेमन को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 लाख 76 हजार रुपए मूल्य का 335 टन कोयला बरामद किया गया।
इसके साथ ही अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए गए छह ट्रेलर भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में कोयला के अवैध कारोबार पर सख्ती लगातार जारी है। एएसपी नीतिश ठाकुर और सीएसपी दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में दीपका पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
































