The Duniyadari : कोरबा। आगामी छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने शहरभर में सुरक्षा और यातायात की पुख्ता तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख छठ घाटों पर सफाई, सजावट, रोशनी और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उद्देश्य यही है कि लोग बिना किसी अव्यवस्था के श्रद्धा और शांति के साथ पूजा कर सकें।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने सभी प्रमुख घाटों पर जवानों, यातायात कर्मियों और गोताखोरों की तैनाती की है। भीड़भाड़ वाले घाटों पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं, जहां से निरंतर सुरक्षा की निगरानी और जरूरी घोषणाएं की जाएंगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तालाब या नदी के गहरे हिस्सों में न जाएं, बच्चों को अपने पास रखें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थानों पर ही लगाएं। साथ ही पूजा स्थलों के आसपास सड़कों पर वाहन खड़े न करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
यातायात के लिए विशेष व्यवस्था:
छठ पर्व के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है—
- 27 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3 बजे से शाम 8 बजे तक
- 28 अक्टूबर 2025 को सुबह 3 बजे से 8 बजे तक
इन समयों में कोरबा, बालको, दर्री, दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए पर्व को सौहार्द, श्रद्धा और अनुशासन के साथ मनाएं।














