कोरबा में आज श्रमिक सम्मेलन, योजनाओं की जानकारी के साथ मौके पर पंजीयन और स्वास्थ्य जांच

7

The Duniyadari: कोरबा, 18 फरवरी 2026। जिले के श्रमिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से बुधवार सुबह 11 बजे से टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन श्रम विभाग की पहल पर किया जा रहा है, जिसमें श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही ऑन-द-स्पॉट पंजीयन, नवीनीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

कार्यक्रम के जरिए छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सम्मेलन में विभागीय अधिकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी देंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मंत्री लखन लाल देवांगन मौजूद रहेंगे, जबकि अध्यक्षता सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह और सभापति नूतन सिंह ठाकुर शामिल रहेंगे।

सम्मेलन स्थल पर ही पंजीयन और नवीनीकरण के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं। साथ ही श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वे एक ही जगह पर जरूरी सेवाओं का लाभ ले सकें।

निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक—जैसे रेजा-कुली, राजमिस्त्री, बढ़ई, प्लम्बर और इलेक्ट्रीशियन—को पंजीयन के लिए मूल आधार कार्ड, बैंक पासबुक, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, एक वर्ष में 90 दिन काम करने का विवरण, ओटीपी के लिए मोबाइल और लाइव फोटो के लिए स्वयं उपस्थित होना जरूरी है। जिन श्रमिकों का पंजीयन पांच वर्ष पूरा कर चुका है, उन्हें नवीनीकरण के लिए अपना पंजीयन कार्ड भी साथ लाना होगा।

असंगठित क्षेत्र के श्रमिक—जैसे धोबी, दर्जी, नाई, बुनकर, ऑटो चालक, सफाई कर्मी, दुकान या गैरेज कर्मचारी, ठेला संचालक, मितानिन, कोटवार और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता—भी सम्मेलन में पहुंचकर पंजीयन करा सकेंगे और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी कर पाएंगे।