Thursday, April 2, 2026
Home Breaking कोरबा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण पर...

कोरबा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण पर दी सख्त चेतावनी

34

The Duniyadari: कटघोरा- ऊर्जाधानी कोरबा रविवार को पूरी तरह राममय नजर आई, जब पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी पांच दिवसीय हनुमंत कथा के लिए शहर पहुंचे। कथा स्थल ढपढप में पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे प्रशासन को व्यवस्था संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

मंच संभालते ही शास्त्री ने कोरबा की ऊर्जा क्षमता को नमन किया और धर्मांतरण के मुद्दे पर तीखा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय मिशनरियों के जरिए हो रहे धर्मांतरण को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग भटक गए हैं, उनकी घर वापसी कराई जाएगी और सनातन संस्कृति को मजबूत किया जाएगा।

शहर की महत्ता पर बोलते हुए उन्होंने कोरबा को देश की ऊर्जा राजधानी बताया। उन्होंने कहा कि यहां का कोयला पूरे देश को रोशन करता है और यदि कोरबा की ऊर्जा बंद हो जाए तो कई राज्यों में अंधेरा छा सकता है। उन्होंने कोरबा वासियों के प्रेम और उत्साह की भी जमकर सराहना की।

भावुक अंदाज में शास्त्री ने खुद को छत्तीसगढ़ का ‘भांचा’ बताया। उन्होंने कहा कि यह माता कौशल्या की पावन भूमि है और यहां आने पर उन्हें अपनेपन का एहसास होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं के विश्वास और उत्साह को अद्भुत बताते हुए इसे सनातन की ताकत बताया।

गौरतलब है कि यह हनुमंत कथा 1 अप्रैल तक चलेगी। इस दौरान विशेष दिव्य दरबार भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।