The Duniyadari: कोरबा- जिले में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पीपरपारा कोहड़िया निवासी हंसराज खाण्डे अपने परिवार के साथ 1 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 के बीच विवाह कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी, करीब 35 किलो चावल, गैस सिलेंडर तथा स्पाइस कंपनी का होम थिएटर चोरी कर लिया।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने इस मामले में बरपारा कोहड़िया निवासी गणेश चौहान उर्फ राहुल (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से गैस सिलेंडर, नकदी, स्पाइस कंपनी का होम थिएटर और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 12 BM 4607) जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि चोरी किया गया गैस सिलेंडर एक नाबालिग के घर से बरामद हुआ, जहां परिवार को गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा था। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति से लाया था।
सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय साहू, सहायक निरीक्षक रवि शर्मा और क्षेत्रीय गश्ती दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से घर खाली छोड़ने से पहले सुरक्षा के उचित इंतजाम करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।















