The Duniyadari: कोरबा, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की एक और घटना सामने आई है। सफर के दौरान अचानक वाहन से आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने तुरंत वाहन से छलांग लगा दी। उनकी सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन आग ने कुछ ही समय में स्कूटी को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
घटना भिलाईबाजार तालाब के नजदीक की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से कटकीडबरी की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग भड़क उठी। दोनों ने बिना देर किए वाहन से दूरी बना ली। इसके बाद स्कूटी धू-धूकर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और उनमें आग लगने के संभावित कारणों पर चर्चा तेज कर दी है। इससे पहले कटघोरा कॉलेज के समीप भी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आने की जानकारी मिली थी। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से वाहन चालकों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
हालांकि, भिलाईबाजार में स्कूटी में आग कैसे लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।














