Tuesday, April 28, 2026
Home Breaking कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, एक...

कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

12
Oplus_16908288

The Duniyadari: KORBA जिले के उरगा थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। फरसवानी टोल नाका के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे खड़ी हाइवा में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई साल के मासूम प्रियांश के रूप में हुई है। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि काशीनगर निवासी सोनी परिवार चांपा में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात वापस कोरबा लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घायलों को तुरंत चांपा के एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।