Tuesday, April 7, 2026
Home Breaking कोरबा में दर्दनाक हादसा: स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर 20 वर्षीय...

कोरबा में दर्दनाक हादसा: स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर 20 वर्षीय युवक की मौत

7

The Duniyadari: कोरबा- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार देर रात स्कूल भवन की तीसरी मंजिल से गिरने से युवक की जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान तरगा गांव निवासी तनिष्क कर्ष (20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तनिष्क अपने बड़े भाई अविनाश के साथ हाई सेकेंडरी स्कूल की तीसरी मंजिल पर सो रहा था। अविनाश उसी स्कूल में चौकीदार के पद पर कार्यरत है।

बताया गया है कि दोनों भाई सोमवार को चैनपुर गांव में एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात लौटने के कारण वे अपने घर जाने के बजाय स्कूल परिसर में ही रुक गए और तीसरी मंजिल की छत पर सो गए। देर रात अचानक तनिष्क छत से नीचे गिर गया।

गिरने की आवाज सुनकर अविनाश की नींद खुली। उसने नीचे जाकर देखा तो उसका भाई गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। आसपास के लोगों की मदद से उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, डायल 112 की टीम को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में छत से गिरा और क्या इसमें कोई अन्य कारण तो नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में मातम छा गया है। वहीं ग्रामीणों ने स्कूल भवनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।