The Duniyadari: कोरबा, 09 फरवरी। जिले में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की निगरानी के लिए चलाए जा रहे ‘वजन त्यौहार 2026’ की शुरुआत रामपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों के साथ समय बिताया। इस मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गीत और कविताओं के जरिए स्वागत किया। कलेक्टर ने खेल-खेल में बच्चों को रंगों और पौष्टिक आहार के बारे में जानकारी दी। सक्रिय भागीदारी दिखाने वाले बच्चों को प्रोत्साहित भी किया गया।
निरीक्षण के समय केंद्र में पंजीकृत बच्चों और महिलाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने वजन और लंबाई मापने की प्रक्रिया को सही तरीके से अपनाने पर जोर देते हुए कुपोषण रोकने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने परिवारों को टीकाकरण और संतुलित भोजन के महत्व से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
































