Thursday, April 16, 2026
Home Breaking कोरबा में फिर सक्रिय हुए चोर, रेडीमेड दुकान का छज्जा तोड़कर नगदी-कपड़े...

कोरबा में फिर सक्रिय हुए चोर, रेडीमेड दुकान का छज्जा तोड़कर नगदी-कपड़े पार

25

The Duniyadari: कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं एक बार फिर बढ़ने लगी हैं। मंगलवार सुबह इमली छपार चौक स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। स्काई मेंस वेयर नामक दुकान का टीन का छज्जा तोड़कर अंदर घुसे चोर नगदी, कपड़े और जूते लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में नाराजगी और डर का माहौल है।

दुकान संचालक आकाश साहू ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का छप्पर टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब पांच हजार रुपये नगद गायब थे, साथ ही नए कपड़े और जूते भी चोरी हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल कुसमुंडा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि चोर टीन का छप्पर तोड़कर दुकान में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी चोरी की घटना है। इससे पहले विकास नगर स्थित नेहा रेडीमेड दुकान में भी इसी तरह छप्पर तोड़कर हजारों रुपये के सामान की चोरी हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

व्यापारियों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टीन-छप्पर वाली दुकानों को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है, जहां सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती है।

इस मामले में एक और चुनौती सामने आई है कि स्काई मेंस वेयर दुकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे चोरों की पहचान करने में पुलिस को दिक्कत हो रही है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

स्थानीय व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं कुसमुंडा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।