Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking KORBA: तेज रफ्तार का कहर, SECL माइनिंग सरदार की दर्दनाक मौत

KORBA: तेज रफ्तार का कहर, SECL माइनिंग सरदार की दर्दनाक मौत

11

The Duniyadari: कोरबा जिला में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को कटघोरा के ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के एक माइनिंग सरदार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आशुतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एसईसीएल के सुराकछार क्षेत्र में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि आशुतोष कुमार सिंह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहे 407 वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आशुतोष कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 407 वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही एसईसीएल कर्मियों और परिचितों में शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने आशुतोष कुमार सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।