Sunday, July 5, 2026
Home Breaking कोरबा में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 9 घायल; तेज रफ्तार और...

कोरबा में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 9 घायल; तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर उठे सवाल

7
Oplus_16908288

The Duniyadari: कोरबा- जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बनखेता गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के बाद पिकअप सड़क किनारे पलट गई और एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में नौ मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दरगा गांव के मजदूर रोज की तरह गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ मजदूर उसके नीचे दब गए।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर पिकअप को सीधा किया और फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य का इलाज जारी है। एक घायल मजदूर ने बताया कि सभी सुबह काम पर जाने के लिए पिकअप में सवार हुए थे, तभी रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाना दुर्घटना की प्रमुख वजह मानी जा रही है। बताया जाता है कि फैक्ट्री तक मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए ठेकेदार पिकअप वाहनों का उपयोग करता है और कई बार इनमें निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया जाता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य कराया और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।