The Duniyadari: Raipur- मानसून की पहली जोरदार बारिश ने शनिवार को रायपुर रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की परीक्षा ले ली। ए-1 श्रेणी के इस स्टेशन पर शाम करीब पांच बजे हुई तेज बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के शेड से कई जगह पानी रिसने लगा। देखते ही देखते छत से पानी झरने की तरह गिरने लगा, जिससे बारिश से बचने के लिए खड़े यात्री भी भीग गए।
अचानक हुई इस स्थिति से प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री अपना सामान लेकर सूखी जगह की तलाश में इधर-उधर जाते नजर आए। कई स्थानों पर पानी जमा होने और लगातार रिसाव के कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर चलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने शेड से टपकते पानी और अव्यवस्था के वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किए। कुछ ही समय में ये वीडियो तेजी से वायरल होने लगे और स्टेशन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे।
बारिश का असर गुढ़ियारी अंडरब्रिज में भी देखने को मिला, जहां जलभराव के कारण आवाजाही प्रभावित रही। स्टेशन की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा, जिससे देर शाम तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही.
पहली ही तेज बारिश में सामने आई इन समस्याओं ने रेलवे स्टेशन की मानसून तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि हर साल ऐसी स्थिति बनने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।





























