Sunday, July 5, 2026
Home Breaking बैंक से निकाली रकम पर बदमाश की नजर, बाइक की डिक्की से...

बैंक से निकाली रकम पर बदमाश की नजर, बाइक की डिक्की से 60 हजार उड़ाए

4

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा- शहर के मोदी चौक के पास दिनदहाड़े उठाईगिरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने एक किसान की बाइक की डिक्की से 60 हजार रुपये पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सरवानी गांव निवासी रामनारायण साहू यूनियन बैंक की शाखा से 60 हजार रुपये निकालकर अपनी बाइक की डिक्की में रखकर बाजार की ओर निकल गए। रास्ते में वे अलग-अलग दुकानों पर कुछ जरूरी सामान लेने के लिए रुकते रहे।

इसी दौरान मोदी चौक के पास जब रामनारायण साहू अपनी बाइक बाहर खड़ी कर दुकान के भीतर गए, तभी पहले से नजर रखे एक शातिर बदमाश ने मौका पाकर बाइक की डिक्की खोल ली और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब किसान ने डिक्की देखी तो रुपये गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बैंक और घटना स्थल के आसपास एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां दिखाई दी हैं।

पुलिस का मानना है कि आरोपी बैंक से ही किसान का पीछा कर रहा था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल संदिग्ध की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।