कोरबा में सड़क सुरक्षा माह का समापन, 27 कार्यक्रमों से 6,700 से अधिक नागरिकों को किया गया जागरूक

9

The Duniyadari : कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का व्यापक अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले के सभी थाना व चौकी क्षेत्रों में सुनियोजित ढंग से संचालित किया गया।

सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर करतला–हाटी मार्ग पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर श्री कुणाल देवदत्त और पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे लगे पेड़ों पर रेडियम और रंगीन पट्टियां लगाने का कार्य किया गया। अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर यह संदेश दिया कि रात्रि के समय सड़क की बेहतर दृश्यता दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

पूरे माह के दौरान कोरबा पुलिस ने जिलेभर में जागरूकता से जुड़े 27 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए। स्कूल और कॉलेजों में आयोजित 12 प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से लगभग 2800 से अधिक छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वहीं, हेलमेट रैली में करीब 150 लोगों ने भाग लिया और नुक्कड़ नाटकों के जरिए सैकड़ों नागरिकों को नियमों के पालन का संदेश दिया गया।

सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 1900 से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाई गई। इसके साथ ही पोस्टर अभियान, नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब देकर सम्मानित करने की पहल तथा स्कूली वाहनों की विशेष जांच जैसे प्रयास भी किए गए।

इन सभी गतिविधियों के जरिए कुल मिलाकर लगभग 6,700 से अधिक नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।