Monday, May 11, 2026
Home Breaking कोरबा में सीमांकन विवाद: ग्रामीणों ने RI-पटवारी को कार में रोका, 4...

कोरबा में सीमांकन विवाद: ग्रामीणों ने RI-पटवारी को कार में रोका, 4 पर केस दर्ज

3

The Duniyadari: Korba के करतला थाना क्षेत्र स्थित नोनबिर्रा गांव में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गलत सीमांकन और पैसे लेकर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी को करीब दो घंटे तक कार में बैठाकर रोक दिया। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, नायब तहसीलदार करतला के आदेश पर राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह और हल्का पटवारी भरत चौहान 8 मई को ग्राम नोनबिर्रा के बनियापारा पहुंचे थे। यहां संतराम नामक आवेदक की भूमि खसरा नंबर 643/1 का सीमांकन किया जा रहा था। राजस्व टीम ने मौके पर मौजूद संबंधित भूमि का नाप-जोख कर सीमांकन प्रक्रिया पूरी की और जानकारी पक्षकारों को दी।

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने सीमांकन को गलत बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक ही परिवार के चार लोगों ने RI और पटवारी को उनकी कार में बैठाकर बाहर निकलने नहीं दिया। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। बताया जा रहा है कि विवाद के बीच एक ग्रामीण रस्सी लेकर पहुंच गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

करीब दो घंटे बाद मामला शांत हुआ और राजस्व अधिकारी वहां से निकल सके। घटना के बाद हल्का पटवारी भरत चौहान ने करतला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।