The Duniyadari: पांच साल के कार्यकाल की अंतिम बैठक में विकास के मुद्दे पीछे छूटे, 14 प्रस्तावों को मिली मंजूरी; भाजपा पार्षद ने घोड़े पर पहुंचकर जताया विरोध
दुर्ग। भिलाई नगर निगम के मौजूदा कार्यकाल की अंतिम सामान्य सभा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। सदन के भीतर विरोध इतना बढ़ा कि पार्षद अपनी जगह छोड़कर आमने-सामने आ गए। भाजपा पार्षदों ने जमीन पर बैठकर विरोध जताया, जबकि वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलने से नाराज होकर टेबल पर चढ़ गए और सभापति की टेबल तक पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए सदन की कार्यवाही रोकनी पड़ी।
हालांकि, हंगामे के बावजूद सभापति ने 14 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित घोषित किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ बैठक समाप्त कर दी गई। यह बैठक आगामी निगम चुनाव से पहले मौजूदा परिषद की आखिरी सामान्य सभा थी।
फोटो सेशन के बाद सदन में शुरू हुआ टकराव
बैठक की शुरुआत से पहले सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन और निगम के पार्षदों ने एक साथ फोटो खिंचवाकर कार्यकाल की अंतिम सामान्य सभा को यादगार बनाने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही सदन की औपचारिक कार्यवाही शुरू हुई, माहौल बदल गया। विकास कार्यों और प्रस्तावों पर चर्चा के बजाय आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलने लगा।
इस दौरान भाजपा पार्षद संतोष मौर्य घोड़े पर सवार होकर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पेपर ब्लॉक मामले को लेकर पहले लगाए गए आरोपों को सही बताते हुए इस प्रदर्शन को अपनी जीत का प्रतीक बताया।
14 प्रस्ताव पास होने पर महापौर ने दी सफाई
महापौर नीरज पाल ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि शहर के विकास से जुड़े कुल 14 प्रस्ताव बैठक में रखे गए थे और सभी को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष के विरोध के कारण सामान्य चर्चा प्रभावित हुई।
पांच साल में भ्रष्टाचार का आरोप, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्षदों को अपने वार्ड की समस्याएं रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने विशेष रूप से पार्षद मुकेश अग्रवाल का मामला उठाते हुए कहा कि उन्हें अपनी बात रखने से रोका गया और चर्चा से बचने के लिए सदन में हंगामे की स्थिति बनने दी गई।
सिन्हा ने निगम के पांच साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस दौरान विकास के बजाय भ्रष्टाचार के मामले अधिक सामने आए। अंतिम सामान्य सभा में हुए इस घटनाक्रम के बाद भिलाई की नगर राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।



















