Monday, October 26, 2026
Home दुर्ग पिकअप के गुप्त तहखाने में छिपे थे 4 करोड़ रुपये! पुलिस की...

पिकअप के गुप्त तहखाने में छिपे थे 4 करोड़ रुपये! पुलिस की तलाशी में खुला बड़ा राज

4
Screenshot

The Duniyadari: भिलाई। छत्तीसगढ़ में वाहन जांच के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी नकदी लगी है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में देर रात की गई कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप से चार करोड़ रुपये बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि रकम को वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया था। इतनी बड़ी राशि मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

Screenshot

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप के जरिए रायपुर से नागपुर की ओर भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इसके बाद डबरापारा के पास वाहनों की जांच तेज की गई। रात करीब 11 बजे संदिग्ध सफेद पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआत में वाहन के पिछले हिस्से में किए गए बदलाव ने पुलिस का ध्यान खींचा। बारीकी से जांच करने पर छिपाकर रखा गया चेंबर सामने आया, जिसके भीतर भारतीय मुद्रा मिली।

वाहन का पंजीयन नंबर CG 04 QU 5996 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, चेंबर से कुल चार करोड़ रुपये नकद बरामद हुए हैं। पिकअप में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई गई है। वाहन चला रहे व्यक्ति समेत दोनों से पूछताछ की जा रही है।

नकदी कहां से आई, किसकी है रकम?

जांच का मुख्य केंद्र अब बरामद राशि का स्रोत, उसके वास्तविक मालिक और परिवहन के मकसद पर है। इतनी बड़ी रकम को वाहन में छिपाकर ले जाने के पीछे क्या वजह थी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। मामले में हवाला कारोबार की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

वित्तीय लेनदेन की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना देने की प्रक्रिया भी की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर होगी। फिलहाल चार करोड़ रुपये की बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।