Friday, November 27, 2026
Home बलरामपुर करमा महोत्सव में मंच पर जगह को लेकर विवाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष...

करमा महोत्सव में मंच पर जगह को लेकर विवाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

4

The Duniyadari: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में हुआ घटनाक्रम, जिला पंचायत सदस्य ने भी सम्मान नहीं मिलने का लगाया आरोप

बलरामपुर। जिले में आयोजित करमा महोत्सव के दौरान भाजपा नेताओं के बीच मंच पर स्थान को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी के बीच पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवान दास केसरी ने अपनी नाराजगी जाहिर की। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के मंच पर पूर्व मंडल अध्यक्ष को जगह नहीं दी गई थी। इसी बात को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और उन्हें मंच से नीचे उतार दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर असहज स्थिति बन गई।

इसी कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनुसुइया वर्मा ने भी अपनी उपेक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित वर्ग से होने के कारण उन्हें अपेक्षित सम्मान और मंच पर उचित स्थान नहीं दिया गया। उन्होंने कार्यक्रम में अपने साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंच पर स्थान और सम्मान को लेकर उठे इन सवालों के बाद कार्यक्रम का घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, संबंधित आरोपों और पूरे विवाद को लेकर संगठन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।