The Duniyadari: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में कनहर नदी में डूबने से 12 साल के एक बच्चे की जान चली गई। बालक झारखंड से अपने परिजनों के साथ नवरात्रि मेले में गुब्बारे बेचने आया था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के बंधुवा गांव से परिवार रामानुजगंज में आयोजित नवरात्रि मेले में पहुंचा था। इसी दौरान बालक अपने कुछ दोस्तों के साथ कनहर नदी में स्नान करने चला गया। नदी में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक लोगों को घटना का पता चला, तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
दो घंटे तक चली तलाश, नदी से निकाला गया शव
हादसे की सूचना मिलने पर रामानुजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। बालक की तलाश के लिए नदी में खोजबीन शुरू की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
मेले में रोजी-रोटी के लिए आए परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।















