The Duniyadari: बलरामपुर– जिले के राजपुर थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां छुट्टी पर घर आए एक सीआरपीएफ जवान ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला निवासी 35 वर्षीय राजाराम प्रजापति केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में पदस्थ थे और उनकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर में थी। कुछ दिन पहले वह अवकाश पर अपने गांव लौटे थे। बताया जा रहा है कि घर आने के बाद से उनका पत्नी के साथ अक्सर विवाद हो रहा था।
बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद राजाराम गुस्से में घर से बाहर निकल गए। कुछ ही देर बाद उन्होंने घर के पास स्थित आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया। घटना को देखकर उनकी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने तत्काल जवान को फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी जवान ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। करीब छह माह पूर्व उन्होंने एक वीडियो जारी कर विभिन्न आरोप लगाए थे और कथित रूप से जहर सेवन का भी प्रयास किया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है। जवान की मौत से गांव में शोक का माहौल है।















