The Duniyadari: Bilaspur- जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 45 वर्षीय मोंगरा बाई यादव और आरोपी जनीराम यादव पिछले लगभग 30 वर्षों से पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे। उनके चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते थे।
घटना 22 जून की देर रात की बताई जा रही है। परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बच्चों के कमरे को बाहर से बंद कर दिया और पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरते ही महिला ने शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।















