Sunday, August 16, 2026
Home बलरामपुर हाथी का हमला, भैंस चराने गए ग्रामीण की मौत; इलाके में दहशत

हाथी का हमला, भैंस चराने गए ग्रामीण की मौत; इलाके में दहशत

6
Screenshot

The Duniyadari: जंगल में भैंस चराने गए ग्रामीण पर नर हाथी ने किया हमला, मौके पर मौत; चार हाथियों की मौजूदगी से वन विभाग अलर्ट

बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के शिवपुर जंगल में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की जान चली गई। जानकारी के अनुसार ग्रामीण जंगल क्षेत्र में भैंस चराने गया था, इसी दौरान उसका सामना एक नर हाथी से हो गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि संबंधित नर हाथी झारखंड की दिशा से बलरामपुर क्षेत्र में पहुंचा है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में करीब चार हाथियों की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों पर टीम नजर रख रही है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने और हाथियों के करीब न जाने की हिदायत दी गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उन्हें छेड़ने या भगाने की कोशिश न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। वन विभाग की टीमें लगातार हाथियों की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।