The Duniyadari: 4C श्रेणी में एयरपोर्ट विकसित करने का मामला फिर चर्चा में, संघर्ष समिति ने भी उठाए सवाल, उपमुख्यमंत्री से करेगी मुलाकात
बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट के भविष्य और विस्तार को लेकर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर 4C श्रेणी में विकसित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन हाईकोर्ट में राज्य सरकार की ओर से बजट की अनुपलब्धता का पक्ष रखे जाने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।
सरकार के इस रुख पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आपत्ति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट केवल एक शहर की जरूरत नहीं, बल्कि आसपास के बड़े इलाके की हवाई कनेक्टिविटी के लिए अहम है। ऐसे में सरकार को अपने निर्णय पर दोबारा विचार करना चाहिए।
संघर्ष समिति ने बजट को लेकर उठाए सवाल
बिलासपुर में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए आंदोलन कर रही हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने भी सरकार के रवैये पर नाराजगी जाहिर की है। समिति का कहना है कि बिलासपुर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं मिल रही है। समिति ने रायपुर में स्टेट कैपिटल रीजन के कार्यालय के लिए 502 करोड़ रुपये के टेंडर का हवाला देते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए हैं।
समिति अब इस मुद्दे को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात करने की तैयारी में है। प्रतिनिधिमंडल उन्हें ज्ञापन सौंपकर एयरपोर्ट के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग करेगा।
हाईकोर्ट में भी उठ चुका है एयरपोर्ट का मुद्दा
बिलासपुर के चकरभाठा एयरपोर्ट में सुविधाओं के विस्तार और हवाई सेवाओं को बेहतर बनाने से संबंधित जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान सरकार ने 4C श्रेणी के विकास के लिए फिलहाल धनराशि उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी थी।
इस पर हाईकोर्ट की खंडपीठ ने नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से एयरपोर्ट के विकास एवं संचालन को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा है। अब इस मामले में सरकार के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।

















