The Duniyadari: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बोले- तकनीक के साथ पुलिस, फॉरेंसिक और अभियोजन व्यवस्था का मजबूत होना भी जरूरी
रायपुर। संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU) में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नए कानूनों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब पुलिस से लेकर न्यायालय तक पूरी व्यवस्था बेहतर तालमेल के साथ काम करेगी।
कार्यशाला में प्रदेश के 4,200 से अधिक अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हुए। इसका उद्देश्य भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के लागू होने के बाद उनके व्यावहारिक परिणामों और चुनौतियों का आकलन करना था।
विजय शर्मा ने कहा कि डिजिटल तकनीक और आधुनिक संसाधनों से न्याय प्रक्रिया को गति मिल सकती है, लेकिन केवल तकनीक के भरोसे बेहतर न्याय संभव नहीं है। जांच की गुणवत्ता, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अभियोजन की मजबूती भी उतनी ही जरूरी है।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नए कानूनों के तहत प्रदेश में हुई प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि 36 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। सभी थानों को ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ा गया है और करीब 1.92 लाख एफआईआर डिजिटल माध्यम से दर्ज की जा चुकी हैं। प्रदेश में 33 मोबाइल फॉरेंसिक वैन भी तैनात की गई हैं।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि नए कानूनों का उद्देश्य सिर्फ नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना है। वहीं न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की प्रमाणिकता और निष्पक्ष सुनवाई को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला में पुलिस, न्यायपालिका, अभियोजन, जेल और फॉरेंसिक विभाग के प्रतिनिधियों ने कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन पर विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को संविधान की उद्देशिका के पालन की शपथ भी दिलाई गई।

















