The Duniyadari: रायपुर। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल सोमवार को जेल से बाहर आ गए। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। जेल परिसर के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटी रही। फूल-मालाओं, ढोल-डीजे और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया गया।
रिहाई के बाद अमित बघेल सीधे गुरुघासीदास बाबा चौक स्थित महतारी अंगना पहुंचे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की आरती कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर भी समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
जेल से बाहर आने के बाद अमित बघेल ने अपने राजनीतिक रुख को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने आने वाले समय में अडानी के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की। साथ ही प्रदेश की बीजेपी और कांग्रेस सरकारों पर छत्तीसगढ़िया समाज के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को अब 2028 के चुनाव का इंतजार है और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
अमित बघेल ने यह भी संकेत दिए कि पार्टी आने वाले दिनों में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करेगी। इसके लिए पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी पार्टी स्तर पर तैयारियां किए जाने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के खिलाफ आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि अमित बघेल हेट स्पीच के आरोपों से जुड़े मामलों में जेल में बंद थे। उनके खिलाफ विभिन्न राज्यों में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। सुप्रीम कोर्ट के रिहाई संबंधी आदेश के बाद उनकी जेल से मुक्ति हुई।



















