Friday, November 27, 2026
Home धमतरी 14 साल पुरानी गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी, धमतरी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा...

14 साल पुरानी गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी, धमतरी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से महिला को खोज निकाला

5

The Duniyadari: घर से मट्ठा लेने निकली थी 14 वर्षीय किशोरी, अचानक हो गई थी लापता; पहचान बदलने के बाद तलाश करना भी बनी चुनौती

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने एक पुराने गुमशुदगी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 14 साल पहले अचानक लापता हुई किशोरी को आखिरकार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से खोज निकाला। उस समय उसकी उम्र महज 14 वर्ष थी। अब वह महिला बन चुकी है। पुलिस टीम उसे सुरक्षित धमतरी लेकर पहुंची है।

मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलिडीह का है। जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2012 को किशोरी घर से मट्ठा लाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी।

वर्षों तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने के कारण यह मामला पुलिस के लिए चुनौती बना रहा। इस बीच किशोरी ने अपनी पहचान और नाम भी बदल लिया था, जिसके चलते उसका पता लगाना और मुश्किल हो गया।

पुराने मामलों को सुलझाने के अभियान के तहत धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में भखारा पुलिस ने दोबारा जांच को गति दी। पुलिस ने तकनीकी जानकारियों, सोशल मीडिया और NATGRID समेत विभिन्न माध्यमों का सहारा लेकर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान पुलिस को महिला के ग्रेटर नोएडा में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और 23 नवंबर को उसे सुरक्षित बरामद कर धमतरी ले आई। 14 साल से जवाब की प्रतीक्षा कर रहे परिजनों के लिए यह घटनाक्रम बेहद महत्वपूर्ण है।