The Duniyadari: मंत्री के आग्रह के बाद भी मंच पर नहीं पहुंचे, स्वागत-सत्कार पर भी जताई असहमति
धमतरी। भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान उस समय सबकी निगाहें कुरूद विधायक अजय चंद्राकर पर टिक गईं, जब उन्होंने मंच पर बैठने के बजाय आम कार्यकर्ताओं के साथ नीचे बैठना चुना। पार्टी की ओर से आयोजित रैली और सभा का उद्देश्य लोकतंत्र के समर्थन में आवाज उठाना था, लेकिन कार्यक्रम के बीच विधायक का यह व्यवहार चर्चा का प्रमुख विषय बन गया।

आयोजन में अजय चंद्राकर को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने उन्हें मंच पर स्थान ग्रहण करने के लिए कहा, लेकिन चंद्राकर ने अपना स्थान नहीं बदला। उनका यह रुख देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सभा को संबोधित करते हुए चंद्राकर ने नेताओं के स्वागत और सम्मान में होने वाली औपचारिकताओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अहिवारा के दिवंगत विधायक को याद करते हुए उपस्थित लोगों से उनके प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करने की बात कही।
कार्यक्रम के बाद जब मीडिया ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल किए, तो मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक अजय चंद्राकर ने किसी भी तरह की नाराजगी होने से इनकार किया।
हालांकि, पार्टी के इस आयोजन में रैली और सभा के राजनीतिक संदेश के साथ ही अजय चंद्राकर का मंच से दूरी बनाए रखना और उनका बेबाक अंदाज राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।















