The Duniyadari: सूरजपुर पुलिस ने कटक जेल से लिया कब्जे में, कंपनियों का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को बनाता था निशाना
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार भांजों को ओडिशा के कटक स्थित जेल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अलग-अलग लोगों को निवेश का भरोसा दिलाकर 26 लाख 92 हजार रुपये से अधिक की रकम हड़पने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और खासकर YouTube पर निवेश से जुड़े प्रचार के माध्यम से लोगों तक पहुंचता था। अधिक मुनाफे और आकर्षक ब्याज का भरोसा दिलाकर वह लोगों को अपनी योजनाओं में पैसा लगाने के लिए प्रेरित करता था। विश्वास जीतने के लिए आरोपी खुद को ट्रांसविजन ड्रीम मल्टीट्रेड लिमिटेड और हरित कृषि निधि लिमिटेड का CMD बताता था। इसी पहचान का इस्तेमाल कर उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कथित तौर पर कई लोगों से रकम जुटाई और धोखाधड़ी की।
EOW प्रकरण में पहले से था बंद
जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) से जुड़े एक अन्य मामले में पहले से ही जेल में निरुद्ध था। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कटक जेल से उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।
अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी की रकम कहां-कहां भेजी गई और इस अपराध में आरोपी के साथ शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।



















