कोरबा: वोटर अधिकार यात्रा के तहत मशाल जुलूस, कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर साधा निशाना

11

The Duniyadari : कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस के तत्वावधान में मंगलवार देर रात वोटर अधिकार यात्रा एवं वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान के तहत विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। यह यात्रा निहारिका स्थित सुभाष चौक से शुरू होकर स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति उद्यान तक पहुंची। मशाल यात्रा में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, सहप्रभारी जरिता लैतफ्लांग, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, मोहन मरकाम, ताम्रध्वज साहू, डॉ. शिव डहरिया, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, सांसद ज्योत्सना महंत समेत अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक शामिल हुए।

नेताओं ने इस दौरान नेताजी सुभाषचंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर, स्व. मिनी माता एवं स्व. बिसाहूदास महंत की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वहीं, कांग्रेस पदाधिकारियों ने रास्ते भर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। मशाल जुलूस का समापन स्मृति उद्यान में सभा के साथ हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की जड़ें कमजोर की जा रही हैं। सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को डराने-धमकाने में हो रहा है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता सवालों के घेरे में है।” पायलट ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कर भाजपा को फायदा पहुंचाया गया।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि राहुल गांधी का यह अभियान व्यापक जांच के बाद शुरू किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित कई राज्यों में मतदाता सूची में धांधली की गई। “एक मकान में हजारों मतदाता दर्ज कर दिए गए, यहां तक कि जिनकी आबादी नहीं उतनी भीड़ मतदाता सूची में दिखा दी गई,” सिंहदेव ने कहा।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “देश में डीजल चोर, कोयला चोर तो सुना था, लेकिन अब वोट चोर भी सामने आ गए हैं। यह लोकतंत्र के साथ सबसे बड़ी धोखाधड़ी है।”

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के मतदाता सूची में हुई गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि “कोरबा विधानसभा की वोटर लिस्ट में चार पूर्व कलेक्टरों के नाम अब भी दर्ज हैं, जबकि उनका तबादला वर्षों पहले हो चुका है। हमने शिकायत की, लेकिन निर्वाचन विभाग ने अब तक सूची दुरुस्त नहीं की है।” उन्होंने यह भी कहा कि जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है।