Thursday, July 2, 2026
Home Breaking खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, आज से फिर शुरू होगी शहर...

खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, आज से फिर शुरू होगी शहर की सफाई

6

The Duniyadari: Raipur- राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था एक बार फिर पटरी पर लौटने जा रही है। नगर निगम के सफाई ठेकेदारों और प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। निगम आयुक्त संचित मिश्रा के साथ हुई चर्चा और सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद यह फैसला लिया गया।

दरअसल, ठेकेदारों का करीब 15 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित होने से लगभग 3,800 प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन पर संकट पैदा हो गया था। भुगतान नहीं मिलने के विरोध में बुधवार को सफाई कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा और शहर के कई इलाकों में कचरे का ढेर लग गया था।

अब हड़ताल खत्म होने के बाद गुरुवार सुबह से सफाई कर्मचारी दोबारा मैदान में उतरेंगे। सड़कों, मोहल्लों और नाले-नालियों के आसपास जमा कचरे को हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य होने की उम्मीद है।

नगर निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि भुगतान से जुड़े मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने और शहर की सफाई व्यवस्था लगातार सुचारु बनी रहे।