Thursday, July 2, 2026
Home Breaking बस्तर रेंज को मिला नया पुलिस महानिरीक्षक, बद्रीनारायण मीणा ने संभाली कमान

बस्तर रेंज को मिला नया पुलिस महानिरीक्षक, बद्रीनारायण मीणा ने संभाली कमान

6

The Duniyadari: बस्तर- बस्तर रेंज में पुलिस नेतृत्व का औपचारिक बदलाव हो गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा ने बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी सुंदरराज पी. से संभाली, जिन्हें भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जगदलपुर स्थित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण कार्यक्रम में बस्तर के पुलिस अधीक्षक सहित रेंज के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सुंदरराज पी. ने नए आईजी का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि बस्तर पुलिस की पूरी टीम उन्हें भी उसी समर्पण और सहयोग के साथ कार्य करने में साथ देगी।

अपने विदाई संबोधन में सुंदरराज पी. ने बस्तर में मिले सहयोग के लिए राज्य शासन, पुलिस मुख्यालय, विभिन्न सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर में मिली जिम्मेदारी उनके लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव रही और यहां सभी वर्गों का सहयोग हमेशा प्रेरणादायक रहा।

अब बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में बस्तर रेंज की कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान और जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।