Saturday, March 14, 2026
Home रायपुर खून-खराबे का तांडव, सुंदर नगर में चाकू-डंडों से सरेआम जंग

खून-खराबे का तांडव, सुंदर नगर में चाकू-डंडों से सरेआम जंग

45

The Duniyadari : रायपुर। सुंदर नगर के पास स्थित पहाड़ी तालाब क्षेत्र में दो गुटों के बीच लंबे समय तक हिंसक झड़प होती रही, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पुलिस को इसकी समय रहते जानकारी नहीं लग सकी। करीब एक घंटे तक चली इस गैंगवार ने पूरे मोहल्ले में डर का माहौल बना दिया है और अब पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक नशे की हालत में युवाओं के दो समूह चाकू, डंडे और बेल्ट लेकर आपस में भिड़ते रहे। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई और मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई घंटों तक लोग अपने घरों में दुबके रहे और बाहर निकलने से डरते रहे।

घटना को लेकर महिला पार्षद सरिता दूबे ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद डायल 112 और पेट्रोलिंग टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे।

घटनास्थल पर अब भी खून के निशान, पत्थर, बेल्ट और युवाओं के बिखरे सामान पड़े हुए हैं, जो हिंसा की भयावहता बयां कर रहे हैं। पार्षद ने बताया कि नशेड़ी युवाओं के बढ़ते आतंक के कारण पहाड़ी तालाब गार्डन, आम बगीचा गार्डन और रावण मैदान जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लोग आना-जाना लगभग बंद कर चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने इलाके में नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग की है।